देश की समस्त बहन-बेटियाँ मेरी बहन-बेटियों के समान: गिरधारी लाल शाहू
देहरादून: नववर्ष के अवसर पर एक सार्वजनिक बयान जारी करते हुए नेता ने समस्त देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में माताओं-बहनों और बुजुर्गों के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में वे मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के आमंत्रण पर शामिल हुए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने हास्य के रूप में अपने एक मित्र की शादी का उल्लेख किया था, लेकिन उनके इस बयान को विरोधियों और कांग्रेस पार्टी द्वारा तोड़-मरोड़कर समाज के सामने गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया।
नेता ने कहा कि बेटियों के सम्मान को लेकर उनकी सोच और कार्य सभी के सामने स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से प्रतिवर्ष बरेली में श्रीरामलीला के अवसर पर 101 निर्धन बेटियों के विवाह में सहयोग करते आ रहे हैं और यह कार्य वे श्रद्धा व सामाजिक दायित्व के तहत करते हैं।
उन्होंने दोहराया कि सोमेश्वर विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश की बेटियों का वे देवी के समान सम्मान करते हैं। साथ ही आरोप लगाया कि विरोधी दल और कांग्रेस उनके वक्तव्य को गलत रूप में पेश कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी वक्तव्य से किसी व्यक्ति की भावनाएं आहत हुई हों या किसी को ठेस पहुंची हो, तो वे हाथ जोड़कर सभी से क्षमा मांगते हैं।


