देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक गिरफ्तार, दूसरा गोली लगने से घायल
देहरादून – राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस को ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में शामिल संदिग्धों की सूचना मिली थी, जिसके बाद सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, जोहड़ी गांव के पास पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की गतिविधि का पता चला। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिसके बाद वे गुनियाल गांव के जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।
दूसरे बदमाश का पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है।
एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


