Uttarakhand

उत्तरकाशी के पवाड़ी गांव में अग्निकांड के बाद रेडक्रॉस ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री से भरा वाहन रवाना

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के पवाड़ी गांव में आग लगने से हुई भीषण आपदा के बाद प्रभावित लोगों की सहायता के लिए रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड ने राहत अभियान तेज कर दिया है। राज्य रेडक्रॉस मुख्यालय की ओर से प्रभावित क्षेत्र के लिए आवश्यक राहत सामग्री भेजी गई है। इसका उद्देश्य आग से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।

रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के जनरल सेक्रेटरी डॉ. जेएन नौटियाल के अनुसार, घटना के बाद पहले दिन रेडक्रॉस सोसायटी उत्तरकाशी के पास उपलब्ध राहत सामग्री जिला प्रशासन को तत्काल उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद राज्य रेडक्रॉस के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के निर्देश पर बुधवार सुबह राज्य मुख्यालय से राहत सामग्री से भरा एक वाहन आपदा प्रभावित गांव के लिए रवाना किया गया।

भेजी गई सामग्री में 60 तिरपाल, 60 कंबल, 10 टेंट और 24 किचन सेट शामिल हैं। इसके अलावा प्रभावित लोगों के लिए जैकेट, टोपी सहित अन्य जरूरी सामान भी भेजा गया है।

राज्य रेडक्रॉस चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने स्थानीय रेडक्रॉस स्वयंसेवकों को भी तत्काल राहत सामग्री के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र पहुंचने और जरूरतमंद परिवारों के बीच सामग्री वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से चेयरमैन के मार्गदर्शन में राहत एवं सहायता कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि आग से प्रभावित लोगों तक आवश्यक सामग्री समय पर पहुंचाई जा सके।